जिला में 17 सितम्बर से 16 अक्टूबर तक मनाया जाएगा पोषण माह : उपायुक्त
राष्ट्रीय पोषण माह-2025 के सफल आयोजन को लेकर आज उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 17 सितम्बर से 16 अक्टूबर तक जिले में 8वां पोषण माह मनाया जाएगा। इस बार की थीम “राइट न्यूट्रिशन, हेल्थी लाइफ” रखी गई है।
उपायुक्त ने कहा कि पोषण माह का मुख्य उद्देश्य कुपोषण को समाप्त कर स्वस्थ समाज का निर्माण करना है। इसके लिए जिले भर में चीनी, नमक और तेल का कम सेवन कर मोटापे पर नियंत्रण, वोकल फॉर लोकल, शिशु एवं छोटे बच्चों के आहार अभ्यास, पुरुषों की भागीदारी और आंगनबाड़ी स्तर पर विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान का शुभारंभ करेंगे और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभार्थियों को मौद्रिक सहायता प्रदान की जाएगी। जिले के सभी 2154 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित कर पोषण माह को जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा।
कश्यप ने कहा कि जिले में गुच्छी, लिंगड़ जैसी पौष्टिक सब्जियां उपलब्ध हैं, जिन्हें बच्चों के आहार में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पालक की खेती की जाए तथा स्थानीय व्यंजनों को बच्चों के भोजन में प्राथमिकता दी जाए। इसके अलावा, प्रत्येक क्षेत्र का आहार पैकेज तैयार करने और योगा गाइड की सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी बल दिया गया।
उन्होंने कहा कि बच्चों का विकास केवल एक माह का कार्य नहीं बल्कि पूरे साल की जिम्मेदारी है। “कोई भी बच्चा सही पोषण से वंचित न रहे, यह सभी विभागों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है,” उन्होंने कहा।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग ममता पॉल, बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


