पुलिस अधिकारी के साथ नेता द्वारा दुर्व्यवहार का मामला, डीजीपी ने जांच के आदेश दिए
कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश – डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में 12 सितंबर को हुए एक विवाद के मामले में हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक तिवारी ने सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
मामला तब सामने आया जब रोबोटिक्स सर्जरी के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान, जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यातिथि थे, एक नेता और ड्यूटी पर तैनात आईपीएस अधिकारी के बीच विवाद हुआ। खराब मौसम के कारण सीएम कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित नहीं हो सके और उन्होंने वर्चुअली उद्घाटन किया। इस दौरान वीवीआईपी काफिले में प्रोटोकॉल का पालन न करने वाले नेता के वाहन को लेकर अधिकारी ने नियमों के अनुसार कार्रवाई की, जिस पर नेता ने अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार किया।
डीजीपी अशोक तिवारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न को जांच का जिम्मा सौंपा है और उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इस घटना के बाद पूर्व मंत्री एवं जसवां-प्रागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर ने भी प्रैस वार्ता कर मामले को उठाया था। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि सभी पहलुओं की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


