हिमाचल प्रदेश में बरसात का कहर लगातार जारी है।
भारी बारिश से राजधानी शिमला में भी कई जगह भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। शिमला शहर के राजधानी के बैनमोर वार्ड के राजभवन क्षेत्र में देर रात भारी भूस्खलन के चलते सड़क ठप हो गई। यहां कई आवासों को भी खतरा पैदा हो गया है। इन आवासों को अब खाली करवाया जा रहा है।
मंगलवार सुबह महापौर सुरेंद्र चौहान समेत नगर निगम और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य का जायजा लिया। वहीं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी सुबह माैके पर नुकसान का जायजा लिया।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के भट्टाकुफर में स्थित फल मंडी में मंगलवार सुबह 8:30 अचानक पहाड़ी दरकना शुरू हुई। इस दौरान मंडी में कारोबार चल रहा था। पहाड़ी से पत्थर गिरने की आवाज आते ही सभी आढ़ती बाहर की ओर भागे। पत्थर गिरने से ऑक्शन यार्ड की जालियां भी टूट गईं। हालांकि, अभी किसी भी तरह का कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।


