आज हिमाचल दौर पर आएंगे पीएम मोदी, प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बाढ़ और आपदा से संबंधित स्थिति का जायजा लेने के लिए हिमाचल और पंजाब का दौरा करेंगे. हिमाचल में पीएम बाढ़ और लैंडस्लाइड प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे. दोपहर करीब 1:30 बजे प्रधानमंत्री हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में पहुंचेंगे. जहां वो अधिकारियों से मिलेंगे और आपदा की स्थिति पर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे. इस दौरान पीएम कांगड़ा में बाढ़ प्रभावितों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्र टीम से मुलाकात करेंगे. इसके बाद पीएम मोदी दोपहर करीब 3 बजे पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे. इस दौरान पीएम दोनों राज्यों में आई आपदा से हुए नुकसान और प्रभावित के लिए किए जा रहे राहत व पुनर्वास कार्यों की जानकारी लेंगे.
बताया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली समीक्षा बैठक में 20 के करीब लोगों को शामिल होने की अनुमति रहेगी। पीएम के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हिमाचल पुलिस के करीब 400 जवान सुरक्षा के लिए जगह-जगह तैनात रहेंगे। ड्रोन से भी पूरे इलाके पर नजर रखी जाएगी। पीएम के दौरे के मद्देनजर कांगड़ा जिला नो-फ्लाई जोन रहेगा। इस दौरान किसी भी तरह की हवाई उड़ान और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।


